➤ हिंदी पखवाड़े के समापन पर कवियों ने गीत, गजल, हास्य और ओजपूर्ण रचनाओं से किया मनोरंजन
रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार के आवासीय परिसर स्थित आंबेडकर भवन में मंगलवार को हिंदी पखवाड़े के समापन अवसर पर ‘काव्यधारा’ कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोकल, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार और ऊंचाहार परियोजना प्रमुख विश्व मोहन सिंह मौजूद रहे। कवि सम्मेलन देर रात तक चला, जिसमें कवियों ने गीत, गजल, हास्य, व्यंग्य और ओजपूर्ण रचनाएं प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम का आयोजन एनटीपीसी के मानव संसाधन विभाग की ओर से किया गया। अतिथियों के स्वागत और सरस्वती वंदना के बाद कवि सम्मेलन शुरू हुआ। कवियों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
कवि सम्मेलन में उन्नाव के स्वयं श्रीवास्तव ने गीत प्रस्तुत किए। मेरठ के अज़हर इकबाल ने गजलों से श्रोताओं का मनोरंजन किया। बाराबंकी के विकास बौखल ने हास्य रचनाएं प्रस्तुत कीं, जबकि गाजियाबाद के मोहित शौर्य ने ओजपूर्ण रचनाओं से माहौल में उत्साह भरा। जबलपुर की मनिका दुबे ने गीत एवं गजल, कानपुर के हेमंत पांडेय ने हास्य रचनाएं और मेरठ की हिमांशी बाबरा ने गजल प्रस्तुत की। ऊंचाहार परियोजना प्रमुख विश्व मोहन सिंह ने कहा कि कवि सम्मेलन जैसे आयोजन हिंदी को बढ़ावा देने और लोगों में हिंदी के प्रति अपनत्व की भावना मजबूत करने का माध्यम हैं। हिंदी भाषा, संस्कृति और भावनाओं से जोड़ने का काम करती है। ऐसे साहित्यिक आयोजन राजभाषा को समृद्ध करने के साथ आपसी संवाद और संवेदनाओं को भी मजबूत करते हैं। अंत में मानव संसाधन विभाग के प्रमुख पंकज कुमार ने सभी अतिथियों, कवियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन की सफलता में सहयोग देने वाले कर्मचारियों की सराहना की।
Jansaamna