ऊंचाहार, रायबरेली। प्राथमिक विद्यालय रोहनिया में बुधवार को तिथि भोजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कक्षा एक के छात्र अंश और छात्रा पायल का जन्मदिन विद्यालय परिवार की ओर से मनाया गया। प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष पवन शुक्ला की अगुवाई में बीईओ नंदलाल रजक और बीडीओ विजय शंकर त्रिपाठी की मौजूदगी में दोनों बच्चों से केक कटवाया गया। शिक्षकों ने बच्चों को उपहार भी प्रदान किए। इसके बाद शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने साथ बैठकर भोजन किया। बीडीओ विजय शंकर त्रिपाठी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार तिथि भोजन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस तरह के आयोजनों से बच्चों में सामुदायिक सहभागिता, अपनत्व और सामाजिक समरसता की भावना विकसित होती है। बीईओ नंदलाल रजक ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन के निर्देशानुसार अब विद्यालय परिवार की ओर से बच्चों का जन्मदिन मनाया जा रहा है। इससे बच्चों में उत्साह बढ़ता है और शिक्षकों व छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल बनता है। कार्यक्रम में एडीओ पंचायत अतुल शुक्ला, शिक्षक भानु प्रताप यादव, रघुराज प्रसाद, आदित्य वर्मा, हंसराज, भूपेंद्र, विजय सिंह, राहुल चौधरी, कुलश्रेष्ठ सिंह, मुश्ताक खान, अजय कुमार, राजेंद्र प्रताप सिंह, संदीप सिंह, रूपेश शुक्ला, कमल शुक्ला, भास्कर सिंह, विवेक सिंह, सुशील सिंह, भूपेंद्र गुप्ता सहित शिक्षक मौजूद रहे।
Jansaamna