रायबरेली। आरेडिका में राजभाषा पखवाड़े के तहत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की कड़ी में 30 सितंबर को सरस्वती प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक संध्या एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कवियों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कवि सम्मेलन में हास्य एवं व्यंग्य कवि मुकुल महान, समसामयिक कवि अखिलेश मिश्रा आईएएस, शृंगार कवयित्री शिखा श्रीवास्तव, डॉ. बलवंत सिंह ‘सबरस’, हास्य कवि सौरभ जायसवाल तथा वरिष्ठ प्रोफेसर गौरव कृष्ण बंसल ने काव्य पाठ किया। शृंगार कवयित्री शिखा श्रीवास्तव की रचनाओं को भी दर्शकों ने खूब सराहा। इस दौरान राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों की निबंध लेखन प्रतियोगिता में राजेश कुमार, सहायक सामग्री प्रबंधक ने प्रथम, शबीह अहमद, वरिष्ठ यांत्रिक अभियंता ने द्वितीय तथा अनिल कुमार श्रीवास्तव, जनसंपर्क अधिकारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कर्मचारी निबंध लेखन प्रतियोगिता में पुष्पेंद्र कुमार चौरसिया, तकनीशियन ने प्रथम, विवेक कुमार सिंह, कनिष्ठ अभियंता ने द्वितीय तथा सौरभ सचान, दूरसंचार अनुरक्षक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता में सौरभ सचान प्रथम, हिमांशु द्विवेदी, तकनीशियन द्वितीय तथा विजय कुमार, निजी सचिव तृतीय रहे। वाक् प्रतियोगिता में सौरभ सचान ने प्रथम, विजय कुमार ने द्वितीय तथा नीरज प्रकाश, वरिष्ठ आशुलिपिक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विजय कुमार प्रथम, हिमांशु द्विवेदी द्वितीय तथा पुनेश सिंह यादव, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता तृतीय रहे। महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर आरेडिका की त्रैमासिक गृह पत्रिका ‘प्रगति’ के सितंबर 2026 के अंक का विमोचन भी किया गया। राजभाषा के प्रचार-प्रसार और लेखन कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रकाशित इस पत्रिका के विमोचन के दौरान प्रधान विभागाध्यक्ष भी मौजूद रहे।
Jansaamna