हाथरस। सादाबाद के इस्लामनगर में रिटायर्ड फौजी शमसुद्दीन और उनकी पहली पत्नी समीना उर्फ सद्दो की हत्या का पुलिस ने 72 घंटे में खुलासा करने का दावा किया है। एसओजी, एंटी थेफ्ट टीम, सादाबाद एवं सहपऊ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मृतक की दूसरी पत्नी सीमा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो आगरा के थाना सिकंदरा के हिस्ट्रीशीटर बताए गए हैं। पुलिस कप्तान चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि 26/27 सितंबर की रात दंपत्ति की धारदार एवं नुकीले हथियारों से हत्या कर आभूषण, नकदी और घड़ी लूट ली गई थी। घटना के खुलासे के लिए गठित सात पुलिस टीमों ने करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटप्रिंट और अन्य सुरागों के साथ यक्ष ऐप की मदद से एक संदिग्ध की पहचान आगरा के हिस्ट्रीशीटर के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि मृतक की दूसरी पत्नी सीमा के गौरव से संबंध थे और संपत्ति हासिल करने के लिए हत्या की साजिश रची गई। पुलिस का दावा है कि संपत्ति मिलने के बाद गौरव को 20 लाख रुपये देने का वादा किया गया था। गौरव ने अन्य आरोपियों को भी साजिश में शामिल किया। पुलिस के मुताबिक, सीमा ने घर के जीने का दरवाजा खुलवाया, जिसके बाद आरोपियों ने दंपत्ति पर हमला कर दिया। पुलिस ने अर्चना ढाबे के पास से संजय और चीनी प्यारे उर्फ रामप्रकाश उर्फ भूरी सिंह को गिरफ्तार किया। इसके बाद सीमा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त छुरा, रक्तरंजित कपड़े, मोटरसाइकिल, आभूषण, नकदी और घड़ी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार, मामले में गौरव और उदयवीर उर्फ नत्थो अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
Jansaamna