फिरोजाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर नारेबाजी की। कांग्रेसियों ने ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की।जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार द्वारा एसआईआर सहित लिए गए विभिन्न निर्णय अवैध हैं और उन्हें तत्काल निरस्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में कराए गए विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों को भी निरस्त किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उनके साथी चुनाव आयुक्त बलवीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने स्पष्ट किया है कि ज्ञानेश कुमार द्वारा उनकी सहमति के बिना मनमाने तरीके से निर्णय लिए गए हैं, जो गैरकानूनी हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे निर्णयों को निरस्त कर ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। ऐसा न होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी दी। रामनिवास यादव ने आरोप लगाया कि देश में ज्ञानेश कुमार द्वारा 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाकर उन्हें मताधिकार से वंचित करने का काम किया गया है। उन्होंने इसे संविधान और लोकतंत्र पर हमला बताते हुए संबंधित कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष राजवीर सिंह यादव, जितेंद्र तिवारी, अजय यादव, अनिल यादव, शांति दास शंखवार, संजय यादव, संजय रावत, दिलीप यादव, केशव देव, कल्याण सिंह यादव, अमोल कुमार यादव, कौशल यादव, रामबरन सिंह, पवन सिंह, संजू शंखवार आदि मौजूद रहे।
Jansaamna