– संस्था ने बच्चों को बांटे फल और खिलौने
कानपुर: हरी शंकर शर्मा। बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऊर्जा वेलनेस ग्रुप की नीवा डालमिया द्वारा जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में सराहनीय सेवा कार्य किया गया। इस अवसर पर अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 11 किलोग्राम क्षमता की सेमी-ऑटोमैटिक वाशिंग मशीन भेंट की गई। इसके साथ ही विभाग के पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कुपोषित बच्चों के लिए सभी बिस्तरों हेतु नए गद्दे, चादरें और तकिए उपलब्ध कराए गए। इस पहल का उद्देश्य उपचाराधीन बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा वेलनेस ग्रुप की टीम ने थैलेसीमिया यूनिट का भी दौरा किया। वहां उपचाररत बच्चों को ताजे फल एवं ज्ञानवर्धक खिलौने वितरित किए गए। बच्चों के साथ समय बिताकर टीम ने उनका उत्साह बढ़ाया और उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया। इस अवसर पर नीवा डालमिया ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के लिए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति एवं संस्था को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। ऊर्जा वेलनेस ग्रुप भविष्य में भी बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं कल्याण से जुड़े सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
चिकित्सकों ने ऊर्जा वेलनेस ग्रुप की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि अस्पतालों में स्वच्छता, पोषण और बच्चों के मानसिक उत्साह को बढ़ाने वाले ऐसे प्रयास स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक संवेदनशील और मानवीय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस मौके पर डॉ. यशवंत राय, डॉ. एस. के. गौतम, डॉ. अरुण आर्य, डॉ. अमितेश यादव एवं डॉ. अनुकृति सहित बाल रोग विभाग के चिकित्सक उपस्थित रहे।
Jansaamna