Friday, October 2, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ईपीएफओ में “हिंदी पखवाड़ा-2026” का पुरस्कार वितरण के साथ हुआ समापन

ईपीएफओ में “हिंदी पखवाड़ा-2026” का पुरस्कार वितरण के साथ हुआ समापन

कानपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय, कानपुर में गुरुवार को “हिंदी पखवाड़ा-2026” का अत्यंत उत्साह, गरिमा और उल्लास के साथ समापन हुआ। इस अवसर पर कार्यालय प्रांगण में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें राजभाषा हिंदी के संवर्धन और दैनिक प्रशासनिक कामकाज में इसके अधिकाधिक उपयोग का दृढ़ संकल्प लिया गया।
​समारोह का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि विक्रमाजीत सिंह सनातन धर्म कॉलेज (वीएसएसडी) के हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. पंकज चतुर्वेदी, अपर केंद्रीय आयुक्त (प्रथम) उदय बक्शी एवं प्रभारी राजभाषा अधिकारी अमित कुमार बाजपेई ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
हिन्दी पखवाडे के समापन कार्यक्रम के दौरान कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी अभिनव द्विवेदी द्वारा हिंदी पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता कार्मिकों की घोषणा की गई तथा राजभाषा गतिविधियों की विस्तृत एवं प्रगतिशील रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. पंकज चतुर्वेदी ने अपने विशेष उद्बोधन में राजभाषा हिंदी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी राष्ट्रीय अस्मिता और संपर्क का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को प्रशासनिक कार्यों में सरल, सहज और मानक हिंदी का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उदय बक्शी ने अपने उद्बोधन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजभाषा में कार्य करना हमारा संवैधानिक दायित्व है और सभी को गर्व के साथ सरकारी कामकाज में हिंदी का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करना चाहिए। इस अवसर पर ई.पी.एफ.ओ. कानपुर के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।