कानपुर। विजय नगर स्थित सरस्वती बालिका विद्यालय इण्टर कॉलेज में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निरंतर 25 वर्षों के ऐतिहासिक व समर्पित सेवाकाल की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान (2026-27)’ के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गोविन्द नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेन्द्र मैथानी उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने “मेरे सपनों का भारत” विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं ने देश के विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक बदलाव का सशक्त संदेश प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि विधायक सुरेन्द्र मैथानी ने छात्राओं की प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उन्हें उन्नति और सफलता के पथ पर निरंतर अग्रसर रहने का आशीर्वाद दिया। विधायक ने अपने संबोधन में कहा, “माननीय प्रधानमंत्री जी का 25 वर्षों का सार्वजनिक सेवाकाल राष्ट्र निर्माण, सुशासन और जन-कल्याण का अनुपम उदाहरण है। देश की बेटियां ही ‘विकसित भारत’ की वास्तविक आधारशिला हैं। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नाटक यह दर्शाता है कि हमारी युवा पीढ़ी राष्ट्र के प्रति जागरूक और संकल्पित है।”
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय पार्षद घनश्याम गुप्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध तंत्र के सदस्य श्याम जी निगम, वन्दना निगम, वैभव निगम एवं हर्ष निगम की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में सुधा त्रिपाठी, हंसा बाजपेई, अमिता रवि सहित विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की प्रधानाचार्या मधुर द्विवेदी द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
Jansaamna