Thursday, October 1, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » रेडक्रॉस सोसाइटी की विशेष बैठक में भावी गतिविधियों पर मंथन

रेडक्रॉस सोसाइटी की विशेष बैठक में भावी गतिविधियों पर मंथन

मथुराः श्याम बिहारी भार्गव। रेडक्रॉस सोसाइटी की मथुरा जनपद के वृंदावन क्षेत्र में रहने वाले सदस्यों की विशेष बैठक संस्था के अध्यक्ष महेश खंडेलवाल के कार्यालय आनंद योग केंद्र, छटीकरा मार्ग, वृंदावन में आयोजित की गई। बैठक में सदस्यों को रेडक्रॉस के पहचान पत्र एवं प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
बैठक में सोसाइटी की पूर्व में संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों, सदस्यों की सक्रियता और संस्था के सामाजिक कार्यों को और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। आगामी वर्ष के कार्यक्रमों का खाका तैयार करने के साथ उनके क्रियान्वयन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए महेश खंडेलवाल ने कहा कि संस्था से जुड़े वरिष्ठ सदस्य अपने अनुभव से मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। अब युवाओं को संस्था से जोड़कर उन्हें सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक एवं सक्रिय करने की आवश्यकता है। उन्होंने वृंदावन में संस्था की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए नीरज वार्ष्णेय एवं पद्म अग्रवाल को संयोजक तथा विवेक राजावत को समन्वयक घोषित किया।
डॉ. नीतू गोस्वामी ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी लगातार सामाजिक कार्यों में योगदान दे रही है। संस्था द्वारा रक्तदान शिविर, निरूशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आगामी समय में अधिक से अधिक लोगों को संस्था से जोड़ने तथा जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने पर विशेष जोर रहेगा। इसके तहत टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरण, महिलाओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर और युवाओं को संगठित करने की योजनाएं शामिल हैं।
बैठक में संस्था के कोषाध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता, प्रबंध समिति सदस्य डॉ. विनीता गुप्ता, डॉ. एसएस गौतम, जीआईसी इंटर कॉलेज के प्राचार्य अखिलेश यादव, रवि खंडेलवाल, प्रिया खंडेलवाल, अनुराधा चंद्रा, डॉ. ललिता भारतीया, सौरभ गौड़, अनूप शर्मा आदि उपस्थित रहे। संचालन डॉ. विनीता गुप्ता ने किया।