♦ 5 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 10 बूथ
♦ 7 अक्टूबर को मतदान कार्मिकों का होगा प्रशिक्षण
कानपुर। नगर पंचायत बिठूर के अध्यक्ष पद के उप निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में गुरुवार को उप निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नगर पंचायत क्षेत्र में 13 अक्टूबर को मतदान और 15 अक्टूबर को मतगणना होगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों एवं बूथों की व्यवस्था, मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री, सुरक्षा व्यवस्था तथा मतदान एवं मतगणना की तैयारियों की समीक्षा की। नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 5 मतदान केंद्रों पर 10 बूथ बनाए गए हैं।
मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए तैनात मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण 7 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं एवं दायित्वों की जानकारी कार्मिकों को विस्तार से दी जाए, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की समस्या न हो।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का समय रहते सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर ली जाएं और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।बैठक में निर्वाचन से संबंधित अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansaamna