Friday, October 2, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कानपुर-सागर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, शिक्षिका की मौत

कानपुर-सागर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, शिक्षिका की मौत

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरबसपुर गांव के पास कानपुर-सागर हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रही एक निजी स्कूल की बस और सामने से आ रहे डम्पर की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार विज्ञान शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई छात्र घायल हो गए। दो गम्भीर घायल छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गाय को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल की स्टाफ बस कानपुर की ओर से आ रही थी, जबकि डम्पर घाटमपुर की तरफ से आ रहा था। जैसे ही दोनों वाहन हरबसपुर गांव के पास पहुंचे, तभी अचानक डंपर के सामने एक गाय आ गई। डंपर चालक ने गाय को बचाने के प्रयास में तेजी से वाहन मोड़ा, जिससे डंपर अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कूल कि स्टाफ बस से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
शिक्षिका की मौत, बच्चों में मची चीख-पुकार
हादसे के समय बस में करीब 35 लोग (छात्र व शिक्षक) सवार थे। टक्कर लगते ही बस में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव गम्भीर रूप से घायल हो गईं और उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, छात्र रौनक सहित कई अन्य बच्चों को चोटें आई हैं।