कानपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के उपलक्ष्य में कानपुर नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए एक ऐतिहासिक पहल की गई। बापू के जयंती पर्व से ठीक पूर्व नगर निगम की ओर से लगातार 157 घंटे का विशेष स्वच्छता महा-अभियान चलाया गया, जिसने पूरे शहर में स्वच्छता का एक नया संदेश दिया।
इस महा-अभियान के तहत महापौर प्रमिला पांडे और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय शंखवार ने स्वयं धरातल पर उतरकर मोर्चा संभाला। दोनों अधिकारियों ने परेड चौराहा स्थित मुर्गा मार्केट क्षेत्र में स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया और सफाई व्यवस्था का प्रत्यक्ष जायजा लिया।
सफाई अभियान के दौरान आम जनमानस एवं नगर निगम की टीम को प्रेरित करते हुए महापौर प्रमिला पांडे ने कहा, ‘‘गांधी जी के सपनों का भारत बनाने के लिए स्वच्छता सबसे पहला कदम है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाना केवल एक सरकारी अभियान या औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह हम सभी कानपुरवासियों की सामूहिक जिम्मेदारी, कर्तव्य और अटूट संकल्प है।’’
अभियान के दौरान नगर निगम की विशेष टीमों ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों, बाजारों और सार्वजनिक मार्गों पर रात-दिन मुस्तैदी से सफाई कार्य को अंजाम दिया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक एवं भारी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे, जिन्होंने शहर को चमकाने में अपना अहम योगदान दिया।
Jansaamna