♦ बाल विवाह के खिलाफ दिलाई शपथ, 12 श्रमिक सम्मानित
कानपुर। गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर कल्याणपुर के नत्थूपुर गांव में प्रगति सेवा संस्थान के सहयोग से श्रम विभाग की ओर से जागरूकता शिविर और महिला कल्याण विभाग की ओर से बाल विवाह रोकथाम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों और श्रमिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया गया।
शिविर में अपर श्रमायुक्त शमीम अख्तर ने 12 श्रमिकों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। इस दौरान श्रमिकों की लेबर कार्ड से संबंधित समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र श्रमिकों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई।
महिला कल्याण विभाग की शैल शुक्ला ने बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए ग्रामीणों को इसके खिलाफ जागरूक किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई और महिला कल्याण विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।
प्रगति सेवा संस्थान की अध्यक्ष कल्पना ने कहा कि संस्था सरकारी विभागों के सहयोग से समय-समय पर जागरूकता शिविर आयोजित कर ग्रामीणों और जरूरतमंदों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास करती है।
कार्यक्रम में संतोष, बीएमएम नैन्सी सहित ग्रामीण और श्रमिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आह्वान किया गया।
Jansaamna