कानपुर। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, कानपुर नगर की ओर से शुक्रवार को अंध विद्यालय, नेहरू नगर में दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कानपुर सांसद रमेश अवस्थी एवं विशिष्ट अतिथि गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान कुल 260 दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 50 को ट्राइसाइकिल, पांच को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 49 को ब्रेल किट, 48 को स्मार्ट केन, 38 को कान की मशीन, 63 को एमआरओ किट तथा सात दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर प्रदान की गईं।
इसके अलावा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना एवं ओ-लेवल योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र दिव्यांगजनों से उनका लाभ उठाने की अपील की। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील है और उन्हें विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर शिविर आयोजित कर दिव्यांगजनों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, अंध विद्यालय के प्रधानाचार्य इंद्रजीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Jansaamna