Friday, October 2, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मुकदमों को लेकर जांगिड़ ने पुलिस पर उठाए सवाल

कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मुकदमों को लेकर जांगिड़ ने पुलिस पर उठाए सवाल

⇒जांगिड़ बोले- मुकदमे वापस नहीं हुए तो आंदोलन करेगी कांग्रेस, पुलिस आयुक्त से हस्तक्षेप की मांग

कानपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जगदीश चन्द्र जांगिड़ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमों को लेकर कानपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय तिलक हॉल में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कराए जा रहे मुकदमों को लेकर आपत्ति जताई।
जांगिड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर राजनीतिक दबाव में झूठे मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस को लेकर सुप्रीम कोर्ट की ओर से की गई टिप्पणियों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कानपुर पुलिस आयुक्त से मामले का संज्ञान लेकर कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। जांगिड़ ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
सतीश महाना पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने लगाए आरोप
कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को उठाकर जनता को जागरूक करना अपराध नहीं है। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं।
शुक्ला ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध वसूली और जमीनों पर कब्जे जैसी गतिविधियों में शामिल बताए जा रहे कुछ लोगों की शिकायतों के आधार पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अपनी आवाज उठाती रहेगी।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस कार्यकर्ता अंकित कन्नौजिया, शिवम पटवा, संदीप मिश्रा, धीरज कुशवाहा, रवि कुमार, अमितेष नारायण तिवारी और प्रशांत चौरसिया मौजूद रहे। भाजपा कार्यकर्ता शिवम कठेरिया के पिता बाबूराम कठेरिया ने भी प्रेसवार्ता में पहुंचकर अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर अपनी बात रखी।
मुकदमे खत्म कराने की मांग
जांगिड़ ने पुलिस आयुक्त से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमों की जांच कराने और यदि मुकदमे निराधार पाए जाएं तो उन्हें समाप्त कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस शहर अध्यक्ष पवन गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मदन मोहन शुक्ला, नीतम सचान, ईखलाक डेविड और चन्द्रमणि मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।