आगरा। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आगरा मंडल में 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान स्वच्छता शपथ, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली और पौधरोपण के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। गांधी जयंती के अवसर पर बुधवार को मंडल कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। आगरा मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों, डिपो और कार्यालयों में भी स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। मंडल कार्यालय परिसर में सांस्कृतिक अकादमी की ओर से स्वच्छता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने कूड़ा-कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संदेश दिया। वहीं, उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की ओर से स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से शुरू होकर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचकर समाप्त हुई। रैली में स्काउट्स एवं गाइड्स के अलावा रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फेंकने और रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने की अपील की गई। अभियान के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। समापन अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत में अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Jansaamna