Saturday, October 3, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मथुरा में पहली बार शुरू हुआ विजन थेरेपी क्लिनिक

मथुरा में पहली बार शुरू हुआ विजन थेरेपी क्लिनिक

➤ बिना ऑपरेशन और दवा के आंखों से जुड़ी कुछ समस्याओं के उपचार में मददगार होगी थेरेपी

गोवर्धन, मथुरा। गांधी जयंती, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती और कल्याणम् करोति के 45वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को संस्थान परिसर में विजन थेरेपी क्लिनिक शुरू किया गया। संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि मथुरा में पहली बार इस तरह की सुविधा शुरू की गई है। क्लिनिक का शुभारंभ संस्था के महासचिव सुनील कुमार शर्मा, सहसचिव मूलचंद गर्ग, सह सचिव निरुपम भार्गव, डॉ. सुफियान दानिश, डॉ. अजय पाल, डॉ. आकांक्षा और डॉ. लवी मंगला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्था के महासचिव सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि विजन थेरेपी में आंखों और मस्तिष्क के बीच तालमेल बेहतर करने के लिए प्रशिक्षण आधारित अभ्यास कराए जाते हैं। इसमें विशेषज्ञ की निगरानी में आंखों की कसरत, विशेष उपकरणों और कंप्यूटर आधारित अभ्यास का सहारा लिया जाता है। इससे दोनों आंखों के समन्वय, फोकस और देखने की प्रक्रिया को बेहतर करने में मदद मिल सकती है।

विजन थेरेपी कंसल्टेंट मृदुल सिंह ने बताया कि चश्मा मुख्य रूप से आंखों के नंबर को ठीक करता है, लेकिन देखने की प्रक्रिया में दोनों आंखों का समन्वय, फोकस और मस्तिष्क तक सही संकेत पहुंचना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इन प्रक्रियाओं में समस्या होने पर चश्मे का नंबर सही होने के बावजूद सिरदर्द, धुंधला दिखाई देना, पढ़ने में परेशानी और आंखों में थकान जैसी शिकायतें हो सकती हैं। क्लिनिक में एम्ब्लायोपिया (आलसी आंख), भैंगापन (स्ट्रैबिस्मस), फ्यूजन और बाइनोकुलर विजन से जुड़ी समस्याओं, फोकस की दिक्कत, लगातार सिरदर्द और आंखों की थकान की जांच की जाएगी। पढ़ते समय अक्षरों का हिलना, तैरना या धुंधला दिखाई देना तथा दूर से पास या पास से दूर देखने पर फोकस बनाने में परेशानी की भी जांच की जाएगी। जीएम ऑपरेशंस सुधीर शर्मा ने बताया कि गोवर्धन रोड स्थित कल्याणम् करोति आई इंस्टीट्यूट में नेत्र जांच, विशेषज्ञ परामर्श और विभिन्न नेत्र रोगों के ऑपरेशन की सुविधाएं उपलब्ध हैं। संस्थान में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और आधुनिक उपकरणों के साथ नेत्र चिकित्सा सेवाएं दी जा रही हैं। कार्यक्रम में श्रीमती बृजेश शर्मा, आदर्श रतन सिंह, सहायक प्रोफेसर एवं अकादमी प्रभारी, प्रगति शर्मा, व्याख्याता सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।