Sunday, October 4, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » गांधी जयंती पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने खरीदी खादी, दिया स्वदेशी अपनाने का संदेश

गांधी जयंती पर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने खरीदी खादी, दिया स्वदेशी अपनाने का संदेश

रायबरेली। गांधी जयंती के अवसर पर प्रदेश सरकार के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सुपर मार्केट स्थित खादी ग्रामोद्योग भवन पहुंचकर खादी वस्त्रों की खरीदारी की। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ खादी वस्त्र खरीदे और लोगों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वदेशी, खादी और आत्मनिर्भरता को देश की आर्थिक एवं सामाजिक मजबूती का आधार माना था। खादी की खरीदारी स्थानीय कारीगरों, बुनकरों और इससे जुड़े लोगों के श्रम एवं कौशल को प्रोत्साहित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि देश में निर्मित वस्तुओं को अपनाने से स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। खादी भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन की महत्वपूर्ण पहचान रही है। महात्मा गांधी ने इसे स्वावलंबन, श्रम की गरिमा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रतीक के रूप में जन-जन तक पहुंचाया। मंत्री ने लोगों से दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं का अधिक से अधिक उपयोग करने तथा खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।