Saturday, October 3, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आरेडिका में गांधी जयंती पर स्वच्छता का संकल्प, नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश

आरेडिका में गांधी जयंती पर स्वच्छता का संकल्प, नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश

➤ महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, बच्चों और रेलकर्मियों ने लिया हिस्सा

रायबरेली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्वच्छता शपथ, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैली के माध्यम से स्वच्छता को जीवनशैली बनाने का संदेश दिया गया। आरेडिका शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने अधिकारियों, कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल के जवानों, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा कब-बुलबुल के बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने कार्यस्थल, घर और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इसके बाद महाप्रबंधक और अन्य अधिकारियों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी याद किया गया। वक्ताओं ने गांधी के स्वच्छता, सत्य और अहिंसा के संदेश तथा शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपनाने की बात कही।

नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश

कार्यक्रम में बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक के कम इस्तेमाल और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संदेश दिया। महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसे आदत और जीवनशैली बनाकर ही स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

जागरूकता रैली में शामिल हुए रेलकर्मी और बच्चे

स्वच्छता पखवाड़ा के तहत एक अक्तूबर को शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में स्वच्छता जागरूकता रैली भी निकाली गई। मुख्य गुणवत्ता प्रबंधक ओंकार शरण सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इसमें अधिकारी-कर्मचारी, आरपीएफ जवान, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, कब-बुलबुल और बच्चे शामिल हुए। प्रतिभागियों ने स्वच्छता संबंधी नारों और तख्तियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। तख्तियों पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन और स्वच्छ परिवेश से जुड़े संदेश लिखे थे। कार्यक्रम में प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर मनोज कुमार जिंदल, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य इंजीनियर आर.पी. यादव, मुख्य सामग्री प्रबंधक/उत्पादन कामेश्वर पासवान, मुख्य सामग्री प्रबंधक/बोगी गुरमीत राजा, मुख्य गुणवत्ता प्रबंधक ओंकार शरण सिंह, प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा जैन, मुख्य कार्यशाला इंजीनियर/फर्निशिंग ए.डी. त्रिपाठी, मुख्य डिजाइन इंजीनियर कुलदीप सिंह, मुख्य संयंत्र इंजीनियर मनोज जैन, मुख्य परियोजना प्रबंधक सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे।