Saturday, October 3, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » CEC के इस्तीफे और SIR के विरोध में दिल्ली-मुंबई में प्रदर्शन

CEC के इस्तीफे और SIR के विरोध में दिल्ली-मुंबई में प्रदर्शन

➤जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे 700 से अधिक प्रदर्शनकारी हिरासत में

➤ मुंबई में शिवाजी पार्क पर जुटे हजारों लोग

नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में गांधी जयंती पर दिल्ली और मुंबई में प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों और विपक्षी दलों ने SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर सवाल उठाए। दिल्ली में पुलिस ने जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे 700 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। दिल्ली में प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी, वाम दलों, छात्र संगठनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए। राजद सांसद मनोज झा, माकपा नेता वृंदा करात, भाकपा के पी. संदोष कुमार और सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने से रोकने के लिए मध्य दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई और कई स्थानों पर बैरिकेड लगाए गए। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि SIR को लेकर उनकी आपत्तियों और मतदाता अधिकारों से जुड़े सवालों पर जवाब मिलना चाहिए।

मुंबई में शिवाजी पार्क पर जुटे हजारों लोग

मुंबई में पुलिस की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आह्वान पर शिवाजी पार्क में प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान तिरंगा लेकर पहुंचे लोगों ने नारे लगाए। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। प्रदर्शन में अभिनेत्री शबाना आजमी, नसीरुद्दीन शाह, गायक विशाल ददलानी और महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे। शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) की ओर से भी आंदोलन को समर्थन दिए जाने की बात सामने आई। CJP नेता अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए SIR प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा। दिल्ली और मुंबई में हुए प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए। दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगह तनातनी की स्थिति बनी। फोटो और खबर : कमल नैन नारंग