मुंबई। मुंबई पुस्तक महोत्सव 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महोत्सव के लोगो और आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। छह दिवसीय यह साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन 24 से 29 नवंबर तक मुंबई विश्वविद्यालय के कालीना परिसर में होगा। महोत्सव में पुस्तकों, साहित्य, कला और संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मराठी, हिंदी और अन्य भारतीय भाषाओं के साहित्य एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 600 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इसमें देशभर से छात्र, पाठक, परिवार, लेखक और प्रकाशक शामिल होंगे। मुंबई पुस्तक महोत्सव का आयोजन नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया (एनबीटी-इंडिया), शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से मुंबई विश्वविद्यालय, महाराष्ट्र सरकार और बृहन्मुंबई महानगरपालिका के सहयोग से किया जा रहा है।
लोगो और वेबसाइट के शुभारंभ के अवसर पर विधायक एवं मुख्य आयोजक अमित साटम, मुख्य संयोजक आचार्य पवन त्रिपाठी, एनबीटी-इंडिया के अध्यक्ष प्रो. मिलिंद सुधाकर मराठे, मुंबई विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविंद्र डी. कुलकर्णी और एनबीटी-इंडिया के निदेशक युवराज मलिक मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में प्रवेश निशुल्क रहेगा। इच्छुक लोग वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण कर आयोजन में शामिल हो सकेंगे। आगंतुकों के लिए पार्किंग की भी पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी।
Jansaamna