मथुरा। स्वच्छता ही सेवा-2026 पखवाड़े के तहत मथुरा पहुंचे उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और परिसर में जगह-जगह कचरे के ढेर मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। इससे पहले मथुरा रेलवे कॉलोनी स्थित रेलवे इंस्टीट्यूट में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान चलाया गया। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह और आगरा मंडल के डीआरएम गगन गोयल ने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ श्रमदान कर रेलवे परिसर की सफाई की। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण भी किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने रेल परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद महाप्रबंधक ने वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर प्रस्तावित दूसरे प्रवेश द्वार और वहां यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मथुरा-भूतेश्वर के बीच बन रही नई अपलाइन और अलवर लाइन का भी जायजा लिया।
Jansaamna