Wednesday, October 7, 2026
Home » मुख्य समाचार » जनगणना का कार्य गम्भीरता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के करना होगा-डीएम

जनगणना का कार्य गम्भीरता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के करना होगा-डीएम

-फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, स्टेट मास्टर ट्रेनरों ने समझाई जनगणना प्रक्रिया
फिरोजाबाद। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जनपद में तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनरों के प्रथम बैच का प्रशिक्षण सोमवार को विकास भवन सभागार दबरई में प्रारंभ हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, अपर जिलाधिकारी कल्पना जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्टेट मास्टर ट्रेनर अशोक कुमार अनुरागी, योगेन्द्र सिंह एवं रतन कुमार सरोज द्वारा फील्ड ट्रेनरों को जनगणना के द्वितीय चरण की प्रक्रिया, प्रपत्रों, डिजिटल माध्यम, घर-घर जाकर सूचना संकलन तथा जनगणना कार्य के विभिन्न तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम में जनपद के जिला प्रभारी अजीत कुमार सिंह एवं सह प्रभारी शनि कुमार राय भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि भारत की जनगणना-2027 में प्रत्येक परिवार की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश में नागरिकों को अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज करने अर्थात स्व-गणना का अवसर भी प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके उपरांत एक दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मियों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इसके बाद 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनःजांच एवं सत्यापन (पुनरीक्षण) चरण में दर्ज आंकड़ों की जांच एवं आवश्यक सत्यापन का कार्य किया जाएगा। जनगणना से प्राप्त प्रमाणिक आंकड़ों के आधार पर भविष्य की योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में सहायता मिलती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह जनगणना में सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराए। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सभी मास्टर ट्रेनरों एवं फील्ड ट्रेनरों के बीच पहुंचकर उनके साथ भोजन ग्रहण किया।