फिरोजाबाद। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, ब्रज प्रांत के तत्वावधान में सोमवार रामचंद्र पालीवाल हॉल में अग्निशिखा जिला युवती सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में महिला शिक्षा, नारी सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक सहभागिता जैसे विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किये।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि आज महिलाएं समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। बेटियां शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, विज्ञान, खेल और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। युवतियों को शिक्षा के साथ आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करनी चाहिए। समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए महिलाओं की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
पूर्व प्रांत मंत्री एवं मुख्य वक्ता गौरी दुबे ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की पहली सीढ़ी शिक्षा है। शिक्षित बेटी अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझती है तथा परिवार और समाज को भी नई दिशा देती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में सही निर्णय लेने, आत्मविश्वास विकसित करने और चुनौतियों का सामना करने की शक्ति प्रदान करती है। उन्होंने युवतियों से कहा कि वे स्वयं को कमजोर न समझें और अपनी क्षमता को पहचानकर हर क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभाएं।
उन्होंने रानी दुर्गावती के साहस का उदाहरण देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने आत्मसमर्पण स्वीकार नहीं किया। युवतियों को उनके जीवन से साहस, नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा लेनी चाहिए। सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि जिस समाज की बेटियां शिक्षित और संस्कारित होती हैं, उस समाज का भविष्य मजबूत होता है। उन्होंने युवतियों से अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने नारी सशक्तिकरण, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के विषयों पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान प्रांत उपाध्यक्ष ब्रजप्रांत तेजवंत कुमार, नगर उपाध्यक्ष सोनम सेठ, विभाग छात्रा प्रमुख सपना यादव, प्रांत सोशल मीडिया संयोजक राज पलिया, प्रतीक मिश्रा, हरिओम शुक्ला, राम शर्मा, हर्षित सक्सैना, गजेंद्र बघेल, अर्जुन बघेल, महिमा अग्रवाल, भरत पुरी, आकाश यादव, प्रियम गुप्ता, कपिल तिवारी, मुकेश विद्यार्थी,कुशाग्र अग्रवाल सहित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्राएं एवं युवतियां उपस्थित रहीं।
Jansaamna