♦ बैंक ऑफ इंडिया में वित्तीय साक्षरता एवं साइबर जागरूकता अभियान
कानपुर। बैंक ऑफ इंडिया के कानपुर आंचलिक कार्यालय में सोमवार को वित्तीय साक्षरता एवं साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इसमें ग्राहकों और बैंक स्टाफ को सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल लेन-देन तथा बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
आंचलिक प्रबंधक अभय कुमार ने कहा कि साइबर अपराधी पुलिस, सीबीआई, आरबीआई या अन्य सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बनकर फोन अथवा वीडियो कॉल करते हैं और डराकर रुपये ट्रांसफर करने का दबाव बनाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी सरकारी अथवा जांच एजेंसी फोन या वीडियो कॉल पर किसी व्यक्ति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर धनराशि जमा कराने के लिए नहीं कहती। ऐसी कॉल आने पर घबराने के बजाय तत्काल कॉल काटकर संबंधित अधिकारियों या परिजनों से संपर्क करें।
उन्होंने लोगों से ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड का विवरण, पिन, सीवीवी, पासवर्ड तथा बैंक खाते या इंटरनेट बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही प्रधानमंत्री जन-धन योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की जानकारी दी।
उप आंचलिक प्रबंधक मदन सिंह नपलच्याल ने सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के लिए मजबूत पासवर्ड रखने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने और अनजान मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में बैंक के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
Jansaamna