♦ धौली प्याऊ रेलवे ग्राउंड में दिखेगा देशभर के शिल्प और व्यंजनों का संगम
मथुरा। दीपावली से पहले 23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक 11 दिवसीय ब्रज रज उत्सव का आयोजन धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में किया जाएगा। उत्सव में विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध उत्पाद, शिल्प, हस्तकला और व्यंजनों की स्टॉल लगेंगी। ब्रज के स्थानीय व्यंजनों को भी विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि उत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन परिषद, पुलिस, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होगा। विभिन्न विभागों की स्टॉल के माध्यम से लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
बच्चों और परिवारों के लिए झूले व मनोरंजन के साधन उपलब्ध रहेंगे। सांस्कृतिक मंच पर स्थानीय कलाकारों के साथ देश के प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। इस बार वृंदावन में भी पहली बार सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में होने वाले इन कार्यक्रमों से ब्रज रज उत्सव का विस्तार मथुरा से वृंदावन तक होगा।
Jansaamna