♦ 15 कुंतल संदिग्ध गुड़ नष्ट, चार नमूने जांच के लिए भेजे
खखरेरू, फतेहपुर। त्योहारों के सीजन के बीच खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को खखरेरू थाना क्षेत्र के चकिया गांव में संचालित कथित गुड़ भट्ठी पर छापा मारा। टीम को मौके पर सड़ा-गला गुड़, चीनी का सीरा और गंदगी के बीच गुड़ तैयार करने की सामग्री मिली। कार्रवाई के दौरान करीब 15 कुंतल संदिग्ध गुड़ जेसीबी से नष्ट कराया गया। चार नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, भट्ठी में गुड़ बनाने के लिए इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता संदिग्ध मिली। परिसर में गंदगी भी पाई गई। सहायक आयुक्त खाद्य बीरन सिंह कुशवाहा ने बताया कि चार नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि तैयार गुड़ को गत्तों में पैक कर आसपास के बाजारों में ‘स्पेशल देसी गुड़’ के नाम से भेजा जाता था। भट्ठी का संचालन कौशांबी निवासी बृजेश कुमार केसरवानी द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।
छापेमारी के दौरान एफएसओ धीरज कुमार दीक्षित, गणेश चंद्र, देवेश कुमार मिश्रा और पुलिस बल मौजूद रहा।
Jansaamna