आगरा/मथुरा। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत उत्तर मध्य रेलवे ने हरियाली बढ़ाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रेलवे ने वित्तीय वर्ष में अब तक 1,11,11,111 पौधे लगाने का आंकड़ा पार कर लिया है। इस उपलब्धि के अवसर पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने सुबेदारगंज स्थित रेल गांव में आयोजित कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से 1,11,11,111वां पौधा रोपा। इस दौरान मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी लीची, तुलसी और आम के पौधे लगाए। विश्व पर्यावरण दिवस यानी पांच जून से उत्तर मध्य रेलवे ने इस अभियान को गति दी थी। वर्तमान वित्तीय वर्ष में उत्तर मध्य रेलवे के अधिकार क्षेत्र में दो करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए तीनों मंडलों को सक्रिय भागीदारी के निर्देश दिए गए थे। पौधरोपण में प्रयागराज मंडल सबसे आगे रहा। मंडल ने अब तक 43.44 लाख पौधे लगाए हैं। इसके बाद झांसी मंडल ने 42.09 लाख और आगरा मंडल ने 25.58 लाख पौधे लगाए हैं।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मां की ममता और संरक्षण से जोड़ते हुए रेलवे अधिकारियों ने कहा कि लगाए गए पौधे आने वाले समय में रेलवे परिसरों को हराभरा बनाने के साथ यात्रियों और कर्मचारियों को स्वच्छ हवा, छाया और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उत्तर मध्य रेलवे ने दो करोड़ पौधे लगाने के निर्धारित लक्ष्य की दिशा में अभियान जारी रखने के साथ ही लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई है।
Jansaamna