Friday, October 9, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित टैक्स के विरोध में व्यापारियों ने निकाली पदयात्रा

यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित टैक्स के विरोध में व्यापारियों ने निकाली पदयात्रा

फिरोजाबाद। 2,000 रुपये से अधिक के यूपीआई लेनदेन पर केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत टैक्स के विरोध में उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के आह्वान पर बुधवार को व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा के नेतृत्व में व्यापारी जिला मुख्यालय पर एकत्र हुए और पदयात्रा निकालकर विरोध दर्ज कराया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी मुख्यालय को सौंपा। महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा के नेतृत्व में व्यापारी पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां व्यापारियों ने ‘यूपीआई टैक्स वापस लो’, ‘व्यापार मंडल जिंदाबाद’ और ‘व्यापारी एकता जिंदाबाद’ के नारे लगाए।

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने यूपीआई के पुतले का दहन करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने पुतला छीन लिया। इसे लेकर व्यापारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। कुछ देर तक मौके पर गहमागहमी का माहौल रहा। व्यापारियों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी की। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में व्यापारियों ने उप जिलाधिकारी मुख्यालय को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रस्तावित यूपीआई टैक्स को वापस लेने की मांग की गई। इस दौरान दिलीप दीक्षित, परशुराम गुप्ता, आकाश जैन, मेघ सिंह पहलवान, सुभाष यादव, स्वतंत्र गुप्ता, रमाशंकर दादा, मोहित राठौड़, विपिन गुप्ता, मूलचंद राठौर, रामगोपाल बजाज, श्यामवीर सिंह यादव, हर्षवर्धन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।