Friday, October 9, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण की मांग, यूटा ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन

शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण की मांग, यूटा ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन

फिरोजाबाद। यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) ने परिषदीय शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। यूटा की जिलाध्यक्ष डॉ. जया शर्मा और जिला महामंत्री डॉ. मुकेश राजपूत ने बीएसए अनिल कुमार को सौंपे ज्ञापन में 69,000 शिक्षक भर्ती के बीएड डिग्रीधारी शिक्षकों को 10 दिवसीय प्रशिक्षण एवं परीक्षा में शामिल होने के लिए विशेष अवकाश प्रदान करने की मांग की। इसके अलावा वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को वरिष्ठता सूची निर्धारित कर जल्द पूरा कराने की मांग भी रखी गई। दोनों मांगों पर बीएसए ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान की लंबित प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के लिए संबंधित पटल सहायक को निर्देश दिए गए। प्रतिनिधिमंडल ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को लंबित एसीपी का लाभ देने, विद्यालयों में सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा पितृ विसर्जन अमावस्या के अवकाश के संबंध में भी कार्रवाई की मांग की। बीएसए ने इन मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में जिला उपाध्यक्ष उमाशंकर व्यास, भूपेंद्र चाहर, अमित कुमार, निर्देश सिंह, अरविंद कुमार, विकास सोलंकी, विनीत कुमार, मुकेश कुमार, राहुल कुमार, राजीव कुमार, गुलशन यादव, विजय कुमार और धीरज कुमार सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।