Sunday, October 11, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » श्रीरामलीला महोत्सव: श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान

श्रीरामलीला महोत्सव: श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान

हाथरस। तहसील क्षेत्र के गांव विघैपुर में न्यू बाल रामलीला कमेटी के तत्वावधान में श्रीरामलीला महोत्सव का शुभारंभ विधि-विधान से भगवान श्रीगणेश के पूजन के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद अनूप वाल्मीकि, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, प्रदेश मंत्री यतेंद्र शर्मा और चौधरी अर्जुन सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। अतिथियों ने भगवान श्रीगणेश के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों को श्रीरामलीला महोत्सव की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि श्रीरामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, मर्यादा और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, त्याग, कर्तव्य और सदाचार की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

श्रीरामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने बताया कि महोत्सव के दौरान कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। इस दौरान रामलीला कमेटी के संरक्षक चौधरी अर्जुन सिंह, अध्यक्ष प्रेम शर्मा, हरवीर सिंह, पिंकू शर्मा, मोहित शर्मा, अजय शर्मा, कन्हैया सिंह प्रधान, विक्रम सिंह जादौन, भूरा चौधरी और कोमल सिंह तोमर सहित कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।