हाथरस। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक इटावा स्थित माया मैरिज होम में प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के 75 जिलों के जिलाध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया। इसमें यूपीआई पर लगाए गए मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) चार्ज समेत व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में यूपीआई पर एमडीआर चार्ज लगाए जाने के विरोध में आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत 10 तारीख को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन और 15 तारीख को बाजारों में काले झंडे लेकर विरोध जताने की घोषणा की गई। व्यापारियों से यूपीआई के बजाय नकद भुगतान के लिए ग्राहकों को प्रेरित करने की अपील भी की गई। हाथरस से नगर अध्यक्ष तरुण पंकज, प्रदेश मंत्री निर्देश चंद वार्ष्णेय, प्रदेश युवा संगठन मंत्री राहुल गुप्ता (ट्रांसपोर्टर) और जिला कोषाध्यक्ष संजीव आंधीवाल सहित अन्य प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लिया। नगर अध्यक्ष तरुण पंकज ने बताया कि हाथरस में भी 15 तारीख को कार्यक्रम आयोजित कर यूपीआई पर एमडीआर चार्ज लगाए जाने के विरोध में आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को लेकर संगठन की ओर से विरोध दर्ज कराया जाएगा। बैठक में खाद्य विभाग के नए नियमों, सोने-चांदी के आभूषणों से संबंधित भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की व्यवस्था और मंडी समिति में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे भी उठाए गए। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने इन विषयों पर अपनी आपत्तियां जताते हुए व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग की।
Jansaamna