➤ मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और इस्तीफा देने की मांग, केंद्र सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ की नारेबाजी
फिरोजाबाद। चुनाव आयोग पर मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाने और वोट चोरी के आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों ने गुरुवार को गांधी पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर काला दिवस मनाया और केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा की मांग उठाई। aकांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव और शहर अध्यक्ष शफात खान राजू के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क में धरना दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके इस्तीफे की मांग की। जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने देशभर में करीब 15 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ और वोट चोरी का गंभीर मामला बताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और विभिन्न संगठनों की ओर से इस मुद्दे को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ कथित तौर पर बर्बरता की गई। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए काला दिवस बताते हुए कहा कि देश के 300 से अधिक सांसद सड़कों पर उतरकर लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया जा रहा है। इसी के विरोध में फिरोजाबाद में जिला और शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से धरना-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेसियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और इस्तीफा देने की मांग दोहराई। धरना-प्रदर्शन में हाजी सईद पटेल, प्रकाश निधि गर्ग, सतीश चंद्र अग्रवाल, नसीर अहमद, शिप्रा उपाध्याय, राजवीर सिंह यादव, जितेंद्र तिवारी, लक्ष्मी प्रकाश गुप्ता, डॉ. सुरेश चंद्र कौशल, अजय यादव, धर्मेंद्र यादव, शैलेंद्र शुक्ला, अमन द्विवेदी, गुलाम जिलानी, लाला लाइन गांधी, प्रतीक चतुर्वेदी और बकार खालिद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Jansaamna