Saturday, October 10, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ईवी कारों का लक्ष्य पूरा, सब्सिडी हुई समाप्त

ईवी कारों का लक्ष्य पूरा, सब्सिडी हुई समाप्त

कानपुर। इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित सब्सिडी योजना के तहत कारों का निर्धारित लक्ष्य पूरा हो गया है। प्रदेश में 25 हजार ईवी कारों का लक्ष्य पूरा होने के बाद सरकार ने इन पर सब्सिडी देना बंद कर दिया है। हालांकि, दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों पर सब्सिडी की योजना अभी लागू है। इसके तहत दोपहिया ईवी खरीदने वाले उपभोक्ताओं को पांच हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। एआरटीओ प्रशासन कहकशां खातून ने बताया कि प्रदेश में ईवी कारों की खरीद पर सरकार की ओर से एक लाख रुपये की सब्सिडी दी जा रही थी। वाहन खरीदने के बाद यह राशि वाहन स्वामी के बैंक खाते में भेजी जाती थी। निर्धारित लक्ष्य पूरा होने के बाद सरकार ने ईवी कारों पर सब्सिडी बंद कर दी है। उन्होंने बताया कि ईवी सब्सिडी योजना 14 अक्टूबर 2022 को शुरू हुई थी। 14 अक्टूबर 2022 से 31 मार्च 2025 तक मुख्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद कार्यालय स्तर से आवेदकों के खातों में सब्सिडी की राशि भेजी जाती थी। अप्रैल 2025 से कार्यालय स्तर पर ही ईवी वाहन स्वामियों के खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू हुई। एआरटीओ प्रशासन के अनुसार, 16 अप्रैल 2025 से एक सितंबर 2026 तक कुल 1,569 वाहनों को सब्सिडी दी जा चुकी है। इनमें 593 दोपहिया वाहन स्वामियों को कुल 29 लाख 65 हजार रुपये तथा 976 चारपहिया वाहन स्वामियों को कुल नौ करोड़ 76 लाख रुपये का भुगतान किया गया है। वहीं, कानपुर नगर में 14 अक्टूबर 2022 से एक सितंबर 2026 तक कुल 2,531 ईवी वाहनों को सब्सिडी दी जा चुकी है। प्रदेश में 25 हजार कारों का निर्धारित लक्ष्य पूरा होने के बाद अब ईवी कार खरीदने वालों को इस योजना के तहत सब्सिडी नहीं मिलेगी, जबकि दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों पर सब्सिडी का लाभ जारी रहेगा।