Saturday, October 10, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ताज होटल वाराणसी में ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026’ का भव्य अनावरण

ताज होटल वाराणसी में ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026’ का भव्य अनावरण

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प माह के अंतर्गत होने वाले राष्ट्रीय टी-20 दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026’ की ट्रॉफी का अनावरण वाराणसी स्थित ताज होटल में किया गया। ट्रॉफी का अनावरण भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किया। इस अवसर पर डॉ. उत्तम ओझा, डॉ. संजय चौरसिया, एमएलसी सिद्धार्थ सिंह (बृजेश सिंह के सुपुत्र) सहित आयोजन से जुड़े कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में कानपुर से पहुंचे अंतरराष्ट्रीय पैरा क्रिकेट खिलाड़ी जुड़वा भाई राहुल और रोहित की विशेष उपस्थिति रही। दोनों भाई अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पैरा क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं।

इस अवसर पर सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 को लेकर खिलाड़ियों और आयोजकों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को बड़ा मंच प्रदान करना तथा खेल के माध्यम से उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास, हौसले और जज्बे को देश के सामने लाना है। राष्ट्रीय टी-20 दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी और टीमें हिस्सा लेंगी। काशी की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक धरती पर होने जा रहा यह आयोजन दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और जज्बे का प्रदर्शन करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। ट्रॉफी अनावरण समारोह के साथ ही प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां और उत्साह बढ़ गया है।