Sunday, October 11, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन

जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन

हाथरस। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय 28वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का शुक्रवार को समापन हुआ। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने प्रतियोगिता के समापन समारोह में विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन, परिश्रम और निरंतर अभ्यास का महत्व बताया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनमें अनुशासन व टीम भावना विकसित करना रहा। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात दुष्यंत कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।