Sunday, October 11, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सही पोषण-बेहतर स्वास्थ्य के संदेश के साथ आरेडिका में पोषण माह का समापन

सही पोषण-बेहतर स्वास्थ्य के संदेश के साथ आरेडिका में पोषण माह का समापन

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) में एक माह तक चले पोषण माह का गुरुवार को समापन हो गया। इस दौरान बच्चों, महिलाओं और कर्मचारियों को संतुलित आहार, मातृ एवं बाल स्वास्थ्य, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। समापन समारोह में महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा कंचना रामन ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के तहत आरेडिका चिकित्सालय की ओर से 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक पोषण माह का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य शिविरों, जागरूकता कार्यक्रमों और विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से पोषण का महत्व बताया गया। अभियान की शुरुआत में 10 सितंबर को ऐहार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया गया। इस दौरान बच्चों को मस्तिष्क विकास में सहायक खिलौने भी वितरित किए गए। वहीं, 12 और 15 सितंबर को ज्ञानदा बाल मंदिर में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर बच्चों की जांच की गई और आवश्यक परामर्श दिया गया। महिलाओं को पोषण एवं मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए 16 सितंबर को निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 15 महिलाओं ने भाग लिया। 18 सितंबर को ‘सस्ता एवं प्रोटीन युक्त नाश्ता’ विषय पर रेसिपी प्रतियोगिता हुई, जिसमें 16 प्रतिभागियों ने अपनी पाक कला का प्रदर्शन किया। इसके अलावा नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी और रंगोली प्रतियोगिताओं के जरिए भी पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाई गई। 24 सितंबर को डॉ. ऋचा ठाकुर ने मातृ स्वास्थ्य, संतुलित आहार और मातृ पोषण पर व्याख्यान दिया। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। अगले दिन आरेडिका चिकित्सालय और परिसर में पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी पोस्टर प्रदर्शनी लगाई गई। 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण एवं नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जबकि बच्चों को खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ आदतों के प्रति जागरूक किया गया। समापन समारोह में कंचना रामन ने कहा कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से पोषण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने पूरे माह आयोजित गतिविधियों की सराहना करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। पोषण माह के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं, बच्चों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज के निर्माण में पोषण की भूमिका को रेखांकित किया गया।