Sunday, October 11, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » गांव-गांव पहुंचा पीएम के 25 वर्षों के सेवा कार्यों का संदेश

गांव-गांव पहुंचा पीएम के 25 वर्षों के सेवा कार्यों का संदेश

ऊंचाहार, रायबरेली। प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ऊंचाहार क्षेत्र में नुक्कड़ नाटकों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। यह आयोजन मंत्री के प्रतिनिधि आशीष तिवारी के संरक्षण और भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल के संयोजन में संपन्न हुआ। इस अभियान के तहत कलाकारों की टोलियों ने ऊंचाहार चौराहा, कंदरावा चौराहा, जमुनापुर चौराहा और चड़रई चौराहा सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों, बाजारों और गांवों में मनोरंजक एवं भावपूर्ण नाट्य प्रस्तुतियां दीं। अखिल भारतीय सांस्कृतिक संस्थान, लखनऊ से आए कलाकार राजेंद्र तिवारी, अश्वनी शुक्ला, रजनीश सिंह, समीर गुप्ता, मोनिका भारती, लक्ष्मी सोनी, प्रवेश और अभय दुबे ने सरल भाषा, संगीत और भावपूर्ण अभिनय के माध्यम से पिछले 25 वर्षों में देश में आए बदलावों की कहानी को मंच पर जीवंत किया।

नाटकों के माध्यम से केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, जैसे उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, हर घर जल और स्वच्छ भारत मिशन से आम लोगों के जीवन में आए बदलावों को दर्शाया गया। मनोरंजक प्रस्तुतियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा एकत्रित हुए। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से उन्हें मनोरंजन के साथ सरकार की योजनाओं की जानकारी भी मिल रही है। अभिलाष कौशल ने कहा, “प्रधानमंत्री जी ने 25 वर्षों तक बिना रुके देश की सेवा की है। हमारा लक्ष्य है कि उनके सेवा भाव और उनकी योजनाओं की गाथा नाटक जैसे सरल माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, ताकि हर पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ ले सके।” उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान आगे भी क्षेत्र के अन्य गांवों में जारी रहेगा। इस मौके पर आशीष तिवारी, मंडल अध्यक्ष पवन सिंह, गुड्डन यादव, विमलेश पाल, राकेश कुमार, बब्लू मिश्रा, ओम प्रकाश साहू, सुनील पांडेय, नागेंद्र मिश्र, सरोज शुक्ला, संजय सिंह प्रधान, पप्पू पाठक, ननकू तिवारी, भोले शुक्ला और विजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।