फिरोजाबाद। कांग्रेस नेताओं और सांसदों के विरुद्ध कथित पुलिस बर्बरता तथा चुनाव आयोग की जवाबदेही की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को लोकतंत्र बचाओ विशाल पैदल मार्च निकाला। जिला कांग्रेस कार्यालय मिलन स्थली, मोढ़ा से जिला मुख्यालय तक निकाले गए मार्च का नेतृत्व कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं बृज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी ने किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। राष्ट्रीय सचिव एवं बृज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग के माध्यम से मतदाताओं के वोट कटवाकर सत्ता में बने रहना चाहती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष कर रही है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र की बहाली के लिए संघर्ष करने को तैयार है।
जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव और महानगर अध्यक्ष शफात खान राजू ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और कारखाने बंद होने से आम जनता, मजदूरों और किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फिरोजाबाद में बड़ी संख्या में कारखाने बंद हैं, मजदूरों को रोजगार नहीं मिल रहा है और युवाओं को नौकरियों के लिए भटकना पड़ रहा है। नेताओं ने दावा किया कि सरकार के प्रति जनता में आक्रोश बढ़ रहा है। मार्च में हाजी सईद पटेल, प्रकाशनिधि गर्ग, प्रशांत तिवारी, नसीर अहमद, राजवीर सिंह यादव, जितेंद्र तिवारी, जितेंद्र यादव, अजीत यादव, जाहिर खाकसार, जगदीश वाल्मीकि, शैलेंद्र शुक्ला, शांतिदास शंखवार, योगेश कुमार बिट्टू यादव, उमर फारूक, अजय यादव, धर्मेंद्र यादव, संदीप ओझा, संजय यादव, जमील अहमद, एमडी पिप्पल, रणवीर सिंह ठेनुआ, कन्हैया शर्मा, रईस कादरी, मुकेश यादव, रामनरेश, रोहन कुमार वाल्मीकि, डॉ. बीएस गौतम सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Jansaamna