फिरोजाबाद। आगामी नवरात्रि के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर छह खाद्य नमूने संग्रहित किए। इस दौरान सरसों के तेल को सीज करने की कार्रवाई भी की गई। सहायक आयुक्त खाद्य चंदन पांडेय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण किया। गालिब नगर स्थित शाहनवाज किराना स्टोर से सरसों के तेल का नमूना लेकर 120 किलोग्राम तेल सीज किया गया, जिसकी कीमत 20,650 रुपये बताई गई है। आगरा गेट स्थित पारसनाथ ट्रेडर्स से घी के दो नमूने तथा कोटला रोड स्थित मयंक ट्रेडर्स से अखरोट का एक नमूना लिया गया। वहीं, एटा रोड, टूंडला स्थित तरुण जैन के प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का नमूना लेकर लगभग 198 लीटर तेल सीज किया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य चंदन पांडेय ने बताया कि नवरात्रि के दौरान अधिक खपत वाले खाद्य पदार्थों की विशेष निगरानी की जाएगी। मिलावट की आशंका वाले प्रतिष्ठानों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री और भंडारण पर भी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा। मिलावटी खाद्य पदार्थ मिलने पर नियमानुसार सीज करने सहित अन्य कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Jansaamna