Sunday, October 11, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » नवरात्र पर मंदिरों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

नवरात्र पर मंदिरों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश

हाथरस। शारदीय नवरात्र के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु दर्शन-पूजन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सासनी स्थित कंकाली देवी मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर में व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर के पुजारी से श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और दर्शन-पूजन की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। डीएम ने नवरात्र के दौरान प्रमुख मंदिरों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिरों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और महिलाओं, बुजुर्गों व बच्चों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और नवरात्र का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।