फिरोजाबाद। यूपीआई (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) पर 0.4 प्रतिशत मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) शुल्क लगाए जाने के विरोध में व्यापारियों ने प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर सदर बाजार स्थित घंटाघर चौराहे के पास धरना-प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल के नेतृत्व और जिलाध्यक्ष पं. रविंद्र लाल तिवारी के सानिध्य में हुए प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय को सौंपा। इसके अलावा सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र कुमार सोली को भी ज्ञापन दिया गया। महानगर अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से यूपीआई लेनदेन पर एमडीआर शुल्क लगाने के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग की।
व्यापारियों ने दीपावली के मद्देनजर बाजारों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और सुबह 10 बजे तक कूड़ा उठवाने की मांग भी उठाई। साथ ही त्योहार के दौरान जीएसटी, खाद्य सुरक्षा एवं बाट-माप विभाग की कार्रवाई से राहत देने की मांग की। व्यापारियों ने धनतेरस से भाई दूज तक पांच दिनों के लिए बाजारों में ऑटो और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने तथा प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की। इसके अलावा घंटाघर के पुनर्निर्माण से संबंधित मामले में न्यायालय के समक्ष मजबूती से पक्ष रखने, नवरात्र के दौरान सड़कों की सफाई कराने, गड्ढों की मरम्मत कराने और स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से उठाई गई।
धरना-प्रदर्शन में कौशल किशोर उपाध्याय, अलंकार चौधरी, संजय गुप्ता, रामबाबू झा, अर्जेश उपाध्याय, पवन दीक्षित, दिनेश यादव, विजय भवानी, नवीन उपाध्याय, राजपाल यादव, गौरव जैन, प्रभाकर वर्मा, इनाम सिंह, प्रताप प्रजापति, राधामोहन शर्मा, गोपाल शर्मा, राकेश बाबू शर्मा, सुनील जैन, राजकुमार सिंह, मेहताब कुरैशी, उस्मान खान, प्रमोद ओझा, अनवर सिंह यादव, संजीव यादव, निखिल गुप्ता, जाकिर पहलवान, साजिद कुरैशी, आकाश शर्मा, दीपक गुप्ता, शांति प्रसाद अग्रवाल, इंद्रजीत सिंह और मनीष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
Jansaamna