Sunday, October 11, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मतदाता सूची में छूटे पात्रों और युवाओं के नाम जोड़ने पर जोर

मतदाता सूची में छूटे पात्रों और युवाओं के नाम जोड़ने पर जोर

फिरोजाबाद। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण-2026 के तहत छूटे हुए पात्र नागरिकों और युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। साथ ही महिला मतदाताओं का अनुपात बढ़ाने के उद्देश्य से छूटी हुई महिलाओं और नवविवाहिताओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में विशेष पुनरीक्षण-2026 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और उप जिलाधिकारी शामिल हुए। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहने देना है। इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और पात्र नागरिकों को चिह्नित कर नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाएंगे। पात्र नागरिक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के साथ-साथ एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने को प्राथमिकता दी जा रही है। महिला मतदाताओं का अनुपात बढ़ाने के लिए छूटी हुई महिलाओं और नवविवाहिताओं के नाम जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि नाइट शेल्टर, श्रमिक कॉलोनियों, अनाथालयों और बेघर नागरिकों को भी मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को सक्रिय करने की अपील की, ताकि वे बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग कर सकें। उन्होंने नवरात्र, दशहरा और दीपावली के दौरान घर लौटने वाले प्रवासी नागरिकों को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक आवेदन भरवाने पर भी जोर दिया। बैठक में सीपीआई(एम) के जिला मंत्री नवल सिंह, आम आदमी पार्टी के नदीम सिद्दीकी, भाजपा के महानगर महामंत्री प्रमोद पाल बघेल, सपा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. विजय आर्य, कांग्रेस के जिला महासचिव शहंशाह, बसपा के विधानसभा प्रभारी चेतन कुमार के अलावा उप जिलाधिकारी दिव्या सिंह, सुदर्शन कुमार, सिद्धार्थ पाठक, राजेश कुमार शुक्ला, अंकित वर्मा और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।