Tuesday, October 13, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू

हाथरस। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में 21 नवंबर 2026 को सामूहिक विवाह कार्यक्रम प्रस्तावित है। योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पात्र अभ्यर्थियों से समय से आवेदन कर जरूरी अभिलेख जमा करने की अपील की है। योजना के तहत हाथरस के पात्र बालिग युवक-युवतियां, विधवा और तलाकशुदा महिलाएं निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी नजदीकी जनसेवा केंद्र (सीएससी) के माध्यम से या विभागीय वेबसाइट पर स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पूरा होने के बाद ग्रामीण क्षेत्र के लाभार्थियों को आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेज खंड विकास अधिकारी कार्यालय में जमा करने होंगे। वहीं, शहरी क्षेत्र के आवेदक नगर पालिका या नगर पंचायत कार्यालय में अभिलेख जमा करेंगे। आवेदन के लिए वर-वधू के आधार कार्ड, कन्या के अभिभावक का आधार कार्ड, आय एवं जाति प्रमाण पत्र, कन्या के बैंक खाते का विवरण और पासपोर्ट साइज फोटो सहित अन्य जरूरी दस्तावेज देने होंगे। अभिभावक की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदन की स्थिति पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से प्राप्त की जा सकेगी। विवाह संपन्न होने के बाद लाभार्थी ऑनलाइन विवाह प्रमाण पत्र भी प्राप्त कर सकेंगे।