➤ हर महीने के चौथे शुक्रवार को होगा आयोजन
कानपुर। परिवहन विभाग बड़े बकायेदारों से राजस्व वसूली और आम लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए विशेष अभियान शुरू करने जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत नवंबर 2026 से मंडल मुख्यालय स्थित परिवहन कार्यालय में हर महीने के चौथे शुक्रवार को परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में बकायेदारों से संपर्क कर लंबित राजस्व की वसूली की जाएगी। साथ ही टैक्स पर लगने वाली पेनाल्टी में विशेष छूट देकर वाहन स्वामियों को राहत देने का प्रयास किया जाएगा। एआरटीओ प्रशासन कहकशां खातून ने बताया कि शासन के निर्देश पर मंडल स्तर पर परिवहन मेले आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत लंबे समय से टैक्स जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों से व्यक्तिगत संपर्क किया जाएगा, ताकि बकाया राजस्व की वसूली में तेजी लाई जा सके। वाहन स्वामियों को वन-टाइम सेटलमेंट के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
परिवहन योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी
परिवहन मेले में केवल राजस्व वसूली ही नहीं, बल्कि नागरिकों को विभागीय सुविधाओं और योजनाओं के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। इसमें मोबाइल नंबर अपडेट कराने, ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस), वाहन स्क्रैपिंग सुविधा (आरवीएसएफ), ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट सेंटर (एडीटीसी), ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड ट्रैफिक इंस्टीट्यूट (डीटीटीआई) और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) से संबंधित जानकारी दी जाएगी।
आरटीओ प्रशासन होंगे नोडल अधिकारी
एआरटीओ प्रशासन के मुताबिक, परिवहन मेले के सफल आयोजन और अभियान की निगरानी के लिए प्रत्येक मंडल में आरटीओ प्रशासन को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। विभाग का उद्देश्य बकाया कर की वसूली बढ़ाने के साथ वाहन स्वामियों को परिवहन संबंधी सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
Jansaamna