Wednesday, October 14, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » वोट चोरी के विरोध में राहुल गांधी के आह्वान पर दिल्ली में पैदल मार्च, मथुरा के कांग्रेसी भी हुए शामिल

वोट चोरी के विरोध में राहुल गांधी के आह्वान पर दिल्ली में पैदल मार्च, मथुरा के कांग्रेसी भी हुए शामिल

श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सोमवार को दिल्ली में कथित वोट चोरी के विरोध में पैदल मार्च निकाला गया। बाराखंबा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित इस मार्च में मथुरा जनपद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। मार्च के माध्यम से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। पूर्व मंत्री पंडित श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस का कहना है कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों से लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। पार्टी ने इसे संविधान और लोकतंत्र की रक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताया। मार्च में मथुरा जनपद से कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों के समर्थन में आवाज उठाई।

जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था और प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की रक्षा आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और जनता के मताधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। दिल्ली में आयोजित इस मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। मार्च में पूर्व जिलाध्यक्ष उमेश शर्मा, उपाध्यक्ष आदित्य तिवारी, शिवकुमार गौतम, बंटी, विक्रम वाल्मीकि, विपुल पाठक, गौरव सिंह, बांके बिहारी, बृजेश शर्मा, श्याम बिहारी प्रधान, यतीश कौशिक, भगत सिंह, रमेश कश्यप, बोराजा गौतम, पंकज चौधरी, करन निषाद, दीपक दीक्षित, अशोक निषाद, धर्मेंद्र सिंह प्रधान, अमित दीक्षित, अमित राज, हाकिम सिंह छोकर, टिंकू धनगर, कासन रिजवी और नरेंद्र शर्मा, राजेश कुमार सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।