Wednesday, October 14, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » स्कूल बस और कंटेनर की भिड़ंत में चालक-परिचालक समेत 15 घायल

स्कूल बस और कंटेनर की भिड़ंत में चालक-परिचालक समेत 15 घायल

हाथरस। सासनी क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे समामई स्थित पेट्रोल पंप के सामने स्कूल बस और कंटेनर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बस चालक, परिचालक और शिक्षण स्टाफ समेत कुल 15 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीएलएस स्कूल की बस संख्या यूपी 86 टी-8797 अलीगढ़ की ओर से बच्चों और स्टाफ को लेकर हाथरस आ रही थी। इसी दौरान हाथरस की ओर से जा रहे कंटेनर संख्या आरजे 11 जीबी 8878 से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे लोग और राहगीर मौके पर जुट गए।

स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस का आपातकालीन दरवाजा खोलकर अंदर फंसे स्टाफ सदस्यों और अन्य लोगों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बस चालक अतुल (34) पुत्र अशोक शर्मा, सहायक समीर कुमार (30) पुत्र सुरेश बाबू, निवासी सूतमील चौराहा, अलीगढ़, के अलावा शैली रस्तोगी और शिवा सक्सेना सहित छह लोगों को बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया। वहीं, दीप्ति भारद्वाज, मोकक्षा, प्रीति मित्तल, पूजा शर्मा, डिंपल शर्मा, खुशबू और मानसी शर्मा समेत अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। बस में सवार महिला स्टाफ के तीन बच्चों को भी मामूली चोटें आईं। उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया। बताया गया कि सभी बच्चे अब स्वस्थ हैं। हादसे के कारण आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस के अनुसार, मौके पर कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या नहीं है।