Wednesday, October 14, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » पंचायतों के निर्माण कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम

पंचायतों के निर्माण कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम

हाथरस। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट सभागार में पंचायती राज विभाग के विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पंचायत भवनों, अंत्येष्टि स्थलों, शौचालयों, केंद्रीय एवं राज्य वित्त आयोग से संबंधित कार्यों तथा भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधूरे पंचायत भवनों का निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत भवनों में डिजिटल लाइब्रेरी, पंचायत लर्निंग सेंटर और जनसेवा केंद्रों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने पंचायत सहायकों के रिक्त पदों पर भर्ती और उनके मानदेय भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिलाधिकारी ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, अवैध रूप से कूड़ा डंप करने पर रोक लगाने तथा अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों का नियमित संचालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित अधिकारी नियमित निगरानी करें। इसके अलावा जिलाधिकारी ने ऑडिट संबंधी आपत्तियों का शीघ्र निस्तारण करने तथा ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में बाउंड्रीवॉल निर्माण और टायलीकरण के कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित पंचायती राज विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।