Wednesday, October 14, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » विधान परिषद चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न

विधान परिषद चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीठासीन अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए और मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाताओं की पहचान, मतपत्रों के सही प्रयोग, मतपेटी तैयार करने एवं उसे सील करने तथा मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का अक्षरशः पालन करने पर जोर दिया गया। अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल ने भी अधिकारियों को निर्वाचन कार्य सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

23 अक्टूबर को होगा मतदान

आगरा खंड स्नातक एवं आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्वाचन कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने की अपील की।