कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर के ऑडिटोरियम में कॉलेज ऑफ नर्सिंग के बीएससी नर्सिंग के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए लैम्प लाइटिंग एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के कुलपति प्रो. विनय पाठक तथा विशिष्ट अतिथि कर्नल जी. सीमा, प्रिंसिपल मैट्रन, 7 एयरफोर्स चिकित्सालय, कानपुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस क्षेत्र में ज्ञान और व्यावसायिक दक्षता के साथ अनुशासन, नैतिक मूल्यों, संवेदनशीलता तथा मानवीय दृष्टिकोण का विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी, सेवाभाव और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्रधानाचार्य प्रो. सुभाष शर्मा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें संस्थान के शैक्षणिक एवं अनुशासित वातावरण का लाभ उठाने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने व्यावसायिक ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. लिथिया जोस ने विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम एवं वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का समापन प्रोफेसर नमिता बत्रा के धन्यवाद ज्ञापन और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देने के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन प्रो. डॉ. संजय काला रहे, जबकि अध्यक्षता कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्रधानाचार्य प्रो. सुभाष शर्मा ने की। इस अवसर पर कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के प्रो. डॉ. संतोष कुमार वर्मन, फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रो. डॉ. राहुल देव, मुरारीलाल चेस्ट चिकित्सालय, कानपुर के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके सिंह तथा बाल रोग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. शैलेन्द्र गौतम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Jansaamna